क्षमा करो और भूल जाओ (प्रेरक कहानी)

 एक बूढ़े आदमी की अपने एकलौते बेटे से बहस हो गयी । उसने कई बार माफी मांगी, लेकिन उस नौजवान ने उसकी एक न सुनी। पिता ने हार नहीं मानी क्योंकि वह अपने बेटे से बहुत प्यार करता था, लेकिन बेटे ने उसे माफ नहीं किया क्योंकि वह अपने घमंड में चूर था ।

सालों गुजर गये। जब वह आदमी मृत्यु के नजदीक था, तब उसने बेटे से रिश्ता बनाने की एक आखिरी कोशिश की, परंतु उसे निराशा ही हाथ लगी। अंततः वह बूढ़ा आदमी अपने दिल में अपार दर्द लिए मर गया ।

इस दौरान उसके बेटे का भी एक बेटा हो गया था, जो अब एक नवयुवक बन चुका था। उसके बेटे ने अपने दादा के बारे में जानना चाहा, लेकिन वह हमेशा कुछ न कुछ बहाना बनाकर इस बारे में बात करने से मना कर देता ।

   एक दिन उन दोनों में बहुत बहस छिड़ गयी, जिसके बाद उसका बेटा भी घर छोड़कर चला जाता है, जैसे कई साल पहले वह आदमी चला गया था। वह बहुत दुःखी हुआ। इस बार उसमें कोई घमंड नहीं था लेकिन वह खुद को बहुत अकेला महसूस कर रहा था। उसे लगा कि उसने अपने बेटे को हमेशा के लिए खो दिया है। जिंदगी में पहली बार उसने भगवान की प्रार्थना की ओर रुख किया । उसे अहसास हुआ कि बीते समय में उसने भी अपने पिता का दिल दुःखा कर बहुत गलत किया था, जिसने जिंदगीभर उसे बेहतर से बेहतर बनाने में अपना शत प्रतिशत दिया ।

  इन दुःखद ख्यालों के साथ वह सोफे पर ही सो गया । अगले सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि वह आराम से पलंग पर सो रहा है और बेटा उसके सामने खड़ा है । उसे अपने आंखों पर विश्वास नहीं हो रहा था । बाप-बेटा एक दूसरे से गले लिपटकर खूब रोये ।

   एक-दूसरे से माफी मांगने के बाद बेटे ने कहा कि अभी तक वह अपने पिता से नफ़रत करता था, लेकिन रात को उसे एक अजीब सा सपना आया, जो उसके दिल को छू गया। उसने देखा कि उसे सपने में एक बूढ़ा आदमी गले लगा रहा है, जिससे उसकी सारी नफरत प्यार में बदल गयी । उस बूढ़े आदमी ने तब उसे सलाह दी कि वो क्षमा करें और भूल जाये ।

   उसने बताया कि जैसे वह सुबह उठा वह दौड़ता हुआ अपने पिता के घर आ गया । तब उस आदमी ने भी उसे बताया कि उसी रात उसने भी एक जरुरी सबक सीखा कि जब वह जवान था तब कैसे उसने अपने पिता को दुःख पहुँचाया था। उसका बेटा अपने दादा के बारे में जानना चाहता था, जिससे वह कभी मिला नहीं था, देखा नहीं था। अब यह सबसे सही वक्त था। आदमी जाकर अपने पिता की तस्वीरों वाली एलबम ले आया।

बेटे ने जब तस्वीरें देखें, तब वह भौंचक्का रह गया। उसने बताया कि तस्वीर वाला आदमी वही है, जो कल रात उसके सपने में आया था।






एक टिप्पणी भेजें

1 टिप्पणियाँ